झांसी। आठ माह से वेतन नहीं मिलने से परेशान जल संस्थान के चतुर्थ श्रेणी कर्मी ने बृहस्पतिवार को अवर अभियंता से गुहार लगाई तो उसके साथ मारपीट कर दी गई। पीड़ित ने इसकी शिकायत नवाबाद थाना पुलिस से कर दी है।
सीपरी बाजार थानांतर्गत मिशन कंपाउंड निवासी संजीव साहू ने बताया कि वह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन का पूर्व जिला महामंत्री है, इसके कारण कर्मचारियों के हक में काम करता रहता है। इससे विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उससे खुन्नस रखते हैं। इसी वजह से उसे आठ माह से वेतन नहीं दिया गया है।,
जिससे उसका परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गया है। पीड़ित ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह विभाग के अवर अभियंता से मिलने मिशन कंपाउंड कार्यालय गया तथा जब उसने वेतन देने के बारे में बात की तो अवर अभियंता ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर गिरेबान पकड़कर थप्पड़ और घूंसे मारे। उसके पकड़ों को फाड़ दिया गया।
शोर मचाने पर कई कर्मचारी बचाने आए, तब अवर अभियंता ने गुंडों को बुलवाकर जान से मार देने की धमकी दी। झूठे मुकदमे में फंसवाकर जेल भिजवाने की बात कही।