झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र से 20 दिसंबर को अपहृत राहुल तिवारी के मामले में पुलिस के हाथ ठोस सुराग लग गए हैं। राहुल का अपहरण त्रिकोणीय प्रेम संबंधों के कारण होने की संभावना है। राहुल व उसके दोस्त को प्रेम जाल में फंसाने वाली महिला ने खुलासा किया है कि घटना के रोज उसका दूसरा प्रेमी राहुल को अपने साथ ले गया था। दूसरे प्रेमी को राहुल के उसके घर आने जाने पर आपत्ति थी। अब राहुल कहां, इस बारे में वह कुछ नहीं बता सकी। पुलिस ने राहुल के साथी की तलाश शुरू कर दी है।
प्रेमनगर थानांतर्गत रानी लक्ष्मी नगर निवासी राहुल तिवारी उर्फ दीपक पुत्र स्व. राकेश तिवारी आपे चालक है। 20 दिसंबर को वह मां ऊषा तिवारी से मिलकर घर से निकला था। 21 दिसंबर को वह घर नहीं आया तो मां ने मोबाइल फोन मिलाया, जो स्विच आफ मिला। मां ने उसके नजदीकी दोस्तों से संपर्क किया तो बताया गया कि 20 दिसंबर की दोपहर राहुल को दो दोस्तों के साथ बस स्टैंड की तरफ जाते देखा गया है।
जब कोई सुराग नहीं लगा तो पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया था। तलाश में जुटे मंडी चौकी इंचार्ज सुनीत सिंह ने विगत दिनों राहुल के मोबाइल नंबरों को खंगाला तो कुछ संदिग्ध नंबर हाथ लगे, जिनमें एक महिला का नंबर भी था।
मंगलवार को पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो कई तथ्य प्रकाश में आए। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि करीब साढ़े तीन वर्ष पूर्व वह पति को छोड़कर नाबालिग बेटी के साथ झांसी आई थी। रेलवे स्टेशन के मंदिर के पास उसकी मुलाकात राहुल से हुई।
लगातार मुलाकात होने पर राहुल उससे प्यार करने लगा। वह स्टेशन पर ही बेटी के साथ रह रही थी। कुछ दिन बाद उसे जीआरपी के मैस में खाना बनाने का काम मिला। वहां काम छूटने पर वह पान मसाला व गुटका बेचने लगी। राहुल के साथ अक्सर एक दोस्त आता था, जिससे उसके प्रेम संबंध हो गये।
उक्त युवक उसकी आर्थिक मदद करने लगा। उसे राहुल का आनाजाना कतई पसंद नहीं था। दूसरे प्रेमी ने उसे राहुल से मिलने जुलने से मना किया। दूसरे प्रेमी की बात उसने मानी तो राहुल उसे धमकाने लगा।
इस वजह से पांच दिसंबर को उसने चुपचाप हंसारी में दो हजार रुपये पर किराये का मकान ले लिया, जहां वह बेटी के साथ रहने लगी। 20 दिसंबर की सुबह करीब आठ बजे राहुल उसे चित्रा चौराहा पर मिला, जहां उन्होंने चाय पी। इस दौरान वहां उसका दूसरा प्रेमी अपने साथी के साथ आ गया।
दोनों लोग राहुल को अपने साथ ले गए। अब राहुल कहां है, इसकी कोई जानकारी नहीं है। इस जानकारी के बाद पुलिस ने महिला के हंसारी स्थित किराये के मकान पर छापा मारकर जांच पड़ताल की।