थाना शाहगंज के नगला छउआ में शनिवार की सुबह एक महिला का शव घर में संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पति से पूछताछ की गई है।
झांसी के गांव बैंदो निवासी द्रोपदी उर्फ संजना की शादी 12 साल पहले नगला छउआ निवासी रामप्रसाद के पुत्र विनय कुमार के साथ हुई थी। विनय की चित्रशाला है। टेंट का भी व्यवसाय है। उनके दो बेटे हैं। विनय ने पुलिस को बताया कि शनिवार की सुबह नौ बजे बच्चे बाहर खेल रहे थे। तभी एक बेटा आया तो कमरा अंदर से बंद था। झांककर अंदर देखा तो द्रोपदी पंखे के कुंडे से फंदे पर लटकी हुई थी। चीखपुकार पर आसपास के लोग आ गए। गेट की कुंडी को तोड़कर अंदर गए। द्रोपदी को अस्पताल लेकर गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इंस्पेक्टर थाना शाहगंज ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि विनय का पत्नी से तीन दिन पहले साली के घर आने को लेकर झगड़ा हुआ था। वह साली को वापस भेजने के लिए बोल रहा था। इस पर विवाद हो गया था। हालांकि मृतका के परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।