बस स्टैंड पर मोबाइल चार्ज करने वाले एक दुकानदार पर शनिवार को अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। हमले में दुकानदार बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के छनियापुरा निवासी इकबाल की बस स्टैंड पर स्टार कम्युनिकेशन के नाम से दुकान है। शनिवार की दोपहर दो युवकों ने 200 रुपये में मोबाइल चार्ज कराया। दुकानदार ने जब रुपये मांगे तो युवक उनके साथ गालीगलौज करने लगे और बिना रुपये दिए ही चले गए। थोड़ी देर बाद दोनों अपने आधा दर्जन साथियों के साथ आए और दुकान में तोड़फोड़ कर दी। दुकानदार ने जब विरोध किया तो उस पर कोल्डड्रिंक की खाली बोतल फेंकने लगे। एक बोतल उसके दुकानदार की आंख के पास लगी, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। यह नजारा देख मौके पर भीड़ लग गई। घटना को अंजाम देने के बाद युवक भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकानदार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।