झांसी। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगाें की मौत हो गई। वहीं, बाइक फिसलने से तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
रायबरेली का रहने वाला गंगा प्रसाद (27) पुत्र भुइयादीन ट्रक चालक है। बीते रोज वह लखनऊ से झांसी की ओर खाली ट्रक लेकर आ रहा था। उसे बड़ागांव थाना क्षेत्र में स्थित डायमंड सीमेंट फैक्ट्री जाना था।
जब वह उरई के पास स्थित बड़ागांव से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक डंपर ने ट्रक में टक्कर मार दी। इससे ट्रक चालक गंगाप्रसाद बुरी तरह घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लाया गया।
यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम बरौदा निवासी राजवीर (50) पुत्र रमेश गोस्वामी हाइवे पर स्थित एक ढाबे पर काम करता था। रविवार की रात लगभग 12 बजे वह घर से ढाबे पर जाने के लिए मोटरसाइकिल यूपी93 एजे 1999 से निकला और हाइवे पर पहुंच गया।
पूंछ के पास उसे ट्रक यूपी78 इएम 5067 ने टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के पुत्र राघवेंद्र सिंह की सूचना पर टक्कर मारने वाले ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
उधर, सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम अंबावाय निवासी कामता प्रसाद का पुत्र शिवम दोस्त राजकुमार पुत्र उत्तम सिंह एवं पंकज पुत्र बाबूलाल के साथ मोटरसाइकिल से झांसी किला घूमने आया था।
यहां से वापस जाते समय सिमरधा गांव में हाइवे पर बने हनुमान मंदिर के सामने उसकी बाइक फिसल गई। इससे तीनों युवक घायल हो गए। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार कराया गया।