बस स्टैंड के समीप लगे सेंट्रल बैंक का एटीएम काट कर बदमाश सोलह लाख छत्तीस हजार रुपये निकाल कर ले गए। इस दुस्साहसिक वारदात से कसबा में हड़कंप मच गया और एटीम पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बृहस्पतिवार सुबह 8:30 बजे सेंट्रल बैंक का सफाई कर्मचारी नरेंद्र सफाई करने एटीएम पर पहुंचा तो वहां उसने एटीएम को कटा पाया। इस पर उसने फोन करके शाखा प्रबंधक शुभा प्रकाश को सूचना दी। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान शाखा प्रबंधक व पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शाखा प्रबंधक ने बताया कि नौ जुलाई को एटीएम में 24 लाख रुपये डाले गए थे। आखिरी निकासी के बाद एटीएम में 16,36,200 रुपये बचे थे जिन्हें बदमाश ले गए। एटीएम गैस कटर से काटा गया।
शाखा प्रबंधक ने बताया कि एटीएम की सुरक्षा के लिए एजेंसी के क्षेत्रीय प्रभारी महेश यादव निवासी ग्वाल टोली चित्रा चौराहा झांसी द्वारा सोबरन पाल पुत्र रामचरन पाल निवासी छपरा थाना बड़ागांव को नियुक्त किया गया था। दो गार्डों से करार हुआ था, जिनमें से एक गार्ड ही तैनात रहता था। वह भी रात को घर चला जाता था। सूचना पर एसएसपी किरण एस, सीओ अंशुल गुप्ता आदि ने मौके का निरीक्षण किया तथा एसओजी को घटना का खुलासा करने की जिम्मेदारी सौंपी। क्षेत्र में चर्चा है कि सफेद रंग का चार पहिया वाहन बैंक के सामने प्रात: 4 बजे खड़ा देखा गया था, जिस पर नंबर अंकित नहीं था। घटना की जानकारी होने पर सेंट्रल बैंक कानपुर परिक्षेत्र के डीआरएम केके सिन्हा तथा सेंट्रल बैंक सदर बाजार के सीनियर मैनेजर प्रताप सिंह भी थाने पहुंच गए। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।