झांसी। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग में बृहस्पतिवार को कुछ कार्यों को लेकर टेंडर डालने पहुंचे छत्तीसगढ़ के रायपुर के एक ठेकेदार के प्रतिनिधि के साथ स्थानीय ठेकेदारों ने अभद्रता की, प्रतिनिधि को कॉलर पकड़कर बाहर खींच लिया। इससे गहमागहमी की स्थिति बन गई। आरपीएफ के पहुंचने पर स्थानीय ठेकेदार खिसक लिए। बाद में प्रतिनिधि से टेंडर डलवाया गया।
रेलवे द्वारा 10 अक्तूबर 2015 को चार कार्यों के लिए टेंडर मांगे गए थे। बृहस्पतिवार को तीन बजे तक निविदा फार्म डालने का समय रखा गया था। अपराह्न करीब डेढ़ बजे रायपुर की हर्षद थर्मिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्रतिनिधि उन्नाव जनपद के बार थाना क्षेत्र के बीगापुर निवासी नवल किशोर टेंडर डालने पहुंचे।
वह कार्यालय अधीक्षक के टेंडर सेक्शन में पेटी डालने के लिए जा रहे थे, तभी उन्हें वहां खड़े कुछ स्थानीय ठेकेदारों ने रोका और कहा कि बाहरी ठेकेदार का टेंडर नहीं डाला जाएगा। इसके बाद प्रतिनिधि को कुछ माफियाओं के नाम गिनाकर धमकाने की कोशिश की गई। उनमें शामिल एक दबंग ने कंपनी (ठेकेदार) प्रतिनिधि का कॉलर पकड़ा और घसीटकर कार्यालय के बाहर ले आया।
यहां उनका टेंडर के कागजात फाड़ने का प्रयास किया गया। किसी तरह चंगुल से बचकर भागे कंपनी प्रतिनिधि ने मालिक को मामले की जानकारी दी। मालिक ने स्थानीय अफसरों को फोन किया। इधर, सूचना मिलने पर आरपीएफ के सहायक कमांडेंट बीके मकडारिया व इंस्पेक्टर राजीव उपाध्याय मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। आरपीएफ को देख दबंग ठेकेदार खिसक लिए। आरपीएफ की मौजूदगी में ठेकेदार प्रतिनिधि ने सभी चार कार्यों के लिए टेंडर डाला।
चार कार्यो के लिए मांगे गए हैं टेंडर
सप्लाई एंड स्टेकिंग ऑफ वेल्डिंग पोर्शन आन बीना-सिथौली सेक्शन अंडर सीनियर डीईएन/ सेंट्रल झांसी डिवीजन (227.10 लाख), खैरार- वाइडिनिंग ऑफ लोडिंग/ अन लोडिंग प्लेटफार्म टू जोन- बी इन खैरार यार्ड (58.45 लाख), सीटीआर/ पी, सीटीआर/ एस, टीएफआर, डि- स्ट्रेसिंग एंड अदर मिसलेनियस पी वे वर्क एट वेरियस लोकेशंस आन झांसी- मानिकपुर, मानिकपुर- नैनी एंड खैरार- भीमसेन सेक्शन इन द जूरीस्डिशन आफ डीईएएन/ ईस्ट झांसी(42.05 लाख) व उरई- प्रोवीजन ऑफ फेसेलिटी फार हैंडीकेप्ड पैसेंजरस एट ए 1, ए एंड बी केटेगरी आफ स्टेशन एज पर स्पेशीफिकेशन आफ आरडीएसओ लखनऊ (11.73 लाख)।