झांसी। खेतों में लगे ठूंठों को हटाने के बजाए आग लगा देने से शनिवार को दमकल कर्मियों की खासी मशक्कत हो गई। वहीं, पुलिस ने कप्तान के आदेश के बावजूद आग लगाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को एसएसपी मनोज तिवारी ने जिले के थानेदारों को स्पष्ट आदेश दिए है कि यदि कोई खेत अथवा कूड़े के ढेर में आग लगाए तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करके जेल भेज दिया जाए। बावजूद इसके शनिवार को चार स्थानों पर खेतों पर खड़े ठूंठों में आग लगा दी गई। तेज हवा चलने से जब आग फैलने लगी तो दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया।
शनिवार को सीपरी बाजार के मथुरापुरा, नवाबाद थाना क्षेत्र के कोछाभांवर, रानीपुर स्टेशन रोड और बड़ागांव थानांतर्गत वावल टांडा में ठूंठों को हटाने के लिए खेतों में आग लगा दी गई। भीषण गर्मी ऊपर से तेज हवा चलने से आग आसपास के खेतों में फैलने लगी। ग्रामीणों की सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और मशक्कत करके आग पर काबू पाया। इसकी सूचना के बावजूद थानों की पुलिस ने न तो खेत में आग लगाने वालों के बारे में कोई जानकारी की और न कार्रवाई करने की दिशा में कोई कदम उठाया।