बाजार में बड़ागांव इण्टर कालेज के गेट के सामने स्थित दुकान पर कपड़ा व्यवसायी संजीव कुमार गुप्ता को अज्ञात बदमाशों ने कट्टे से फायर कर घायल कर दिया। छर्रे व्यापारी के पैर में लगे, जिससे वह बाल-बाल बच गया।
मंगलवार की शाम तकरीबन सात बजे कपड़ा व्यवसायी संजीव कुमार गुप्ता अपनी दुकान बंद कर बाहर खड़े थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार होकर आये दो बदमाशों में से एक ने उन पर फायर कर किया, जो बाएं पैर पर लगा। बदमाश कस्बे की ओर भाग गये। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 19 नवंबर को स्पीड पोस्ट डाक से अगस्त 2015 में हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी के नाम से 10 लाख रूपये मांगे गये थे। न देने पर 10 दिन के अंदर जान से मारने की धमकी दी गयी थी। इसकी रिपोर्ट थाना बड़ागांव में दर्ज कराई गई थी। इस मामले की रिपोर्ट पुलिस ने कैलाश राजपूत के नाम से धारा 506 में दर्ज की थी।