..................................
सात जुआरी गिरफ्तार
- पुलिस के नाम पर करा रहे थे जुआ
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। थाना प्रेमनगर पुलिस ने दबिश देकर सात जुआरियों को पकड़ा है। जुआरियों के पास से पुलिस ने साढ़े तीस हजार रुपये बरामद किए हैं। यह जुआ पुलिस के नाम से संचालित कराया जा रहा था।
मंगलवार की देर रात पुलिस टीम ने मोहल्ला स्कूलपुरा में दबिश देकर सात जुआरियों को पकड़ लिया। जुआरियों ने अपने नाम स्कूलपुरा निवासी फिरोज खान, राजेंद्र कुमार, रवि अहिरवार, ईसाई टोला निवासी अनीस, बिहारीपुरा निवासी अरविंद कुमार, सेंट ज्यूड्स स्कूल के पीछे निवासी सलीम और कोतवाली के सुपर कॉलोनी निवासी समीर बताए। पुलिस ने मौके से साढ़े तीस हजार रुपये बरामद किए। पकड़े गए जुआरी फिरोज खान ने स्वयं को पत्रकार बताकर पुलिस टीम पर रुआब गांठा, लेकिन प्रेमनगर थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडेय की सख्ती के कारण उसकी एक नहीं चल सकी। पुलिस के अनुसार वह पत्रकार बनकर पुलिस के नाम पर जुआ करा रहा था।