शातिराना अंदाज में उड़ा ले गए थे कार
झांसी। थाना सीपरी बाजार स्थित सीपी मिशन कंपाउंड निवासी सतीश के घर से चोरों ने शातिराना अंदाज में कार उड़ाई थी। एक चोर कांच तोड़कर कार में दाखिल हुआ और गेट खोलकर अपने साथियों को बैठा लिया। चंद मिनट में चोर कार लेकर भाग गए। पूरी वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद होने के बाद पुलिस अब तक चोरों का सुराग नहीं जुटा सकी है।
थाना सीपरी बाजार अंतर्गत सीपी मिशन कंपाउंड निवासी सतीश मेडिकल कॉलेज में लैब टेक्नीशियन हैं। एक र्मई की रात उनकी कार घर के बाहर खड़ी थी। इसी बीच कार सवार तीन बदमाश उनके घर के पास पहुंचे। पहले तो बदमाशोें ने कार से उतरकर आसपास के इलाके की रेकी की। चालक सीट से पीछे वाले कांच को झटके से खोलने के बाद एक बदमाश अंदर प्रवेश कर गया और चालक सीट का गेट खोलकर अन्य बदमाश भी अंदर आ गए। फिर चंद मिनट में बदमाश कार ले जाकर भाग गए। सुबह जब सतीश घर के बाहर निकले तो कार नदारद देखकर घबरा गए। खबर मिलते ही पड़ोसी भी आ गए। सभी ने मिलकर आसपास खोजबीन की लेकिन पता नहीं चल सका। खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की। मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई। बदमाश कार ले जाते नजर भी आए। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी। घटना को चार दिन बीतने के बाद भी कोई भी सुराग पुलिस के हाथ नहीं आ सका है।
पास में खड़ी थी दो कारें
सतीश की कार के पास ही पड़ोसियों की दो और कारें भी खड़ी थीं। बदमाशों की उन कारों पर भी नजर थी लेकिन बदमाश सतीश की कार ले जाकर भागने में सफल रहे। लोगों का कहना है कि पर्याप्त पुलिस गश्त व्यवस्था न होने के कारण बदमाश आसानी से कार लेकर भाग निकले।
लोग जागकर कर रहे रखवाली
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। इलाके के कई लोग ऐसे भी हैं, जो मैदान में गाड़ी खड़ी करते हैं। इस घटना के बाद लोग रात मेें बार-बार बाहर निकलकर गाड़ियों की रखवाली करते हैं। उनको भी डर सता रहा हैै कि कहीं उनकी गाड़ी चोरी न हो जाए।