-----
मम्मी-पापा के रुपये निकालकर गए थे घूमने
एक माह पहले स्कूल में ही दोनों छात्रों ने बनाई थी योजना
पुलिस टीम दिल्ली से छात्रों को लेकर झांसी आई
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
सीपरी बाजार क्षेत्र के घरों से भागे दो छात्र अपने मम्मी-पापा के एटीएम से रुपये निकालकर घूमने दिल्ली और नोएडा गए थे। दोनों ने मेट्रो की खूब सैर की, मॉल घूमे और दिल्ली की कई इमारतें देखीं। रविवार की सुबह पुलिस टीम दोनों को लेकर झांसी आई। अपने बच्चों के वापसी की खबर मिलते ही परिजन थाने पहुंचे और उन्हें गले से लगाकर बिलख-बिलख कर रोने लगे। बच्चों ने अपने माता-पिता को वादा किया कि दोबारा वह ऐसी हरकत नहीं करेंगे।
न्यू रायगंज निवासी हरविंदर सिंह का 13 वर्षीय पुत्र अमृतपाल व अत्री गार्डन के सामने रहने वाले बृजेश सिंह का 14 वर्षीय पुत्र अजय निरंजन ने दिल्ली घुमने का प्लान स्कूल में ही बनाया था। भागने से दो दिन पहले 8 नवंबर को अभय निरंजन ने अपने पिता के एटीएम से सुबह दस हजार रुपए व शाम को छह हजार रुपए निकाले थे। छात्र अमृतपाल अपने मां के पर्स से तीन हजार रुपये निकाल लिए थे। घटना वाली शाम दोनों ट्यूशन पढ़ने के बाद घर न जाकर सीधे स्टेशन पहुंच गए थे। यहां से स्वयं अपने-अपने परिजनों को फोन पर अपहरण की सूचना देकर मोबाइल बंद कर लिया था। इसके बाद जनरल टिकट लेकर दिल्ली जाने के लिए स्टेशन पर खड़ी मालवा एक्सप्रेस में सवार हो गए थे। सुबह दिल्ली पहुंचकर दोनों वेटिंग रूम में रुके। यहां से मेट्रो में सैर करते हुए नोएडा पहुंचे। दोपहर तक नोएडा रुकने के बाद शाम को दिल्ली वापस आ गए। यहां रात तक कनाट प्लेस में रुकने के बाद वापस वेटिंग रूम में आकर सो गए थे। अगले दिन फिर घुमते हुए सबसे पहले अक्षरधाम मंदिर, चांदनी चौक समेत कई प्रमुख स्थानों में घूमते रहे।
दो दिन दिल्ली में रुकने के बाद वह हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के पास भटक रहे थे, तभी पुलिस टीम ने आकर दोनों को पकड़ लिया। दोनों छात्रों ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले दोनों ने भागकर दिल्ली जाने की योजना बनाई थी। करीब एक माह से दोनों भागने की फिराक में थे, लेकिन रुपए न मिलने के कारण सफल नहीं हो पा रहे थे।
मम्मी की खूब याद आई
घूमने की तमन्ना अब पूरी हो गई, अब कभी भी कहीं भी भागकर घुमने नहीं जाएंगे। छात्रों ने कहा कि दो दिन में मम्मी की बहुत याद आई थी। हर पल मम्मी को याद करते रहे। साथ ही स्कूली दोस्तों को भी याद किया।
गिर गए थे नौ हजार रुपए
छात्रों ने बताया कि वह अपने साथ 19 हजार रुपए लेकर गए थे। छात्र अमृतपाल ने नौ हजार रुपए अपनी जैकेट में रख लिए थे। उसने बताया कि दिल्ली में मोबाइल निकालते समय नौ हजार रुपए गिर गए थे। इससे उनके सामने रुपयों की कमी भी हो गई थी।