खदान मालिक गिरफ्तार, भेजा जेल
बड़ागांव/झांसी। ब्लास्टिंग के दौरान दो मजदूरों की मौत के बाद पुलिस ने इस मामले में खदान मालिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।
थाना बड़ागांव के छपरा निवासी भागीरथ का पुत्र मिथुन व दशरथ का पुत्र राजीव मजदूरी करते थे। वे गोरामछिया स्थित पत्थर की एक खदान में काम करते थे। बृहस्पतिवार की रात दोनों अपने घर पर थे। परिजनों का आरोप है कि खदान मालिक मोहर सिंह यादव गांव में आकर जबरन मिथुन व राजीव को मजदूरी करानेे के लिए ले गया। रात में इन दोनों के साथ गांव के ही अखिलेश, अमर सिंह समेत अन्य साथी काम कर रहे थे। रात के समय अचानक खदान मेें जोरदार विस्फोट होने से मौके पर ही मिथुन व राजीव की मौत हो गई थी। पुलिस ने खदान मालिक मोहर सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
परिजनों ने खदान मालिक को पकड़ने व मुआवजा की मांग को लेकर झांसी - कानपुर राजमार्ग पर जाम भी लगाया था। इस पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर बड़ागांव प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडेय ने झांसी बस स्टैंड से आरोपी मोहर सिंह को पकड़ लिया। पुलिस ने कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।