ट्रेन में फिर छिनी दो महिलाओं की जंजीर
झांसी। ट्रेनों में बदमाशों का उत्पाद खत्म नहीं हो रहा है। एक के बाद एक महिला यात्रियों की जंजीरें छिन रही हैं। मंगलवार को यशवंतपुर कर्नाटका संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सवार दो महिलाओं के गले से बदमाश आगरा के पास जंजीर छीन ले गए। इसी तरह, दूसरी गाड़ियों में सफर कर रहीं तीन और महिला यात्रियों का सामान चोरी हो गया। इन सभी पीड़ित महिलाओं ने झांसी जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मंगलवार को पुणे सिटी के वाडगे धर्मशाला निवासी कलावती परदेशी अपनी बहू सुनीता परदेशी व दो पोतों के साथ 22686 यशवंतपुर कर्नाटका संपर्क क्रांति के एस 5 कोच की बर्थ नंबर 1, 2 व 4 पर सफर कर रही थीं। उसी कोच की 68 नंबर बर्थ पर तेलंगाना के निपार्णी जमारवेस निवासी मंगल श्रीखंडे पत्नी मारुति सफर कर रही थीं। सुबह करीब 11 बजे ट्रेन जब आगरा के पास धीमी गति से चल रही थी, तभी कोच में मौजूद दो बदमाशों ने उक्त दोनों महिलाओं के गले पर झपट्टा मारा और सोने की जंजीर छीनने के बाद चलती ट्रेन से कूदकर भाग गए। महिलाओं ने शोर मचाकर उनको पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। चूंकि, ट्रेन का आगरा व ग्वालियर स्टेशन पर ठहराव नहीं था, इस कारण महिलाओं को झांसी जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज करानी पड़ी।
इसी तरह, 18477 उत्कल एक्सप्रेस के सेकेंड एसी ए वन कोच की बर्थ नंबर 46 पर झांसी के प्रेमनगर क्षेत्र के गुलाम गौस मार्ग निवासी अन्नपूर्णा श्रीवास्तव पत्नी अनुराग श्रीवास्तव यात्रा कर रही थीं। बीना स्टेशन के पास चलती ट्रेन में उनका बैग चोरी हो गया। बैग में कपड़े व अन्य सामान रखा था। इधर, 19322 राजेंद्र नगर इंदौर एक्सप्रेस के एस 10 कोच की बर्थ नंबर 69, 71 पर गनेशगंज निवासी मधु अग्रवाल पत्नी नरेश अग्रवाल यात्रा कर रही थीं। कानपुर स्टेशन के पास उनका बैग चोरी होे गया। बैग में सोने का हार, जंजीर व अन्य सामान रखा था। उधर, 12617 मंगला एक्सप्रेस के वातानुकूलित बी 3 कोच की बर्थ नंबर 8 व 13 पर एस वर्मा पत्नी जीसी वर्मा सफर कर रही थीं। भोपाल के पास चलती ट्रेन में उनका ट्राली बैग चोरी हो गया। बैग में पांच हजार रुपये नकद, अंगूठी, पायल, कपड़े व अन्य सामान रखा था।