.........
चिरगांव थानेदार को हटाने के लिए ग्रामीणों का धरना
- आरोप, पुजारी के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों की नहीं की गिरफ्तारी
- पुलिस अफसरोें द्वारा कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर माने लोग
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। चिरगांव में पुजारी के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीणों ने एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना दिया। उन्होंने चिरगांव के थानेदार पर गंभीर आरोप लगाकर उन्हें हटाने की मांग की। अफसरों ने दो दिन में जांच करके कार्रवाई करने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
चिरगांव क्षेत्र के गांव निवी निवासी लक्ष्मीनारायण द्विवेदी के भाई जमुना प्रसाद अपनी पत्नी के साथ गांव आए थे। आरोप है कि गांव के दबंगों ने हमला करते हुए मारपीट कर दी थी। इतना ही नहीं जमुना प्रसाद की चोटी भी काट दी थी। आरोप है कि जमुना प्रसाद ने गांव में होने वाले अवैध कारोबार का विरोध किया था, जिसके चलते दबंग रंजिश मानने लगे थे। इस घटना में पुलिस ने कई लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। आरोप है कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही। बृहस्पतिवार को भारी तादाद में लेाग इसकी शिकायत करने एसएसपी के पास पहुंचे। इसके बाद सभी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। खबर पाते ही एसपी सिटी देवेश पांडेय व सीओ सिटी जितेंद्र सिंह परिहार ने सभी को समझाकर दो दिन में गिरफ्तारी के आश्वासन पर सभी माने। एसएसपी विनोद कुमार सिंह का कहना है कि इस घटना में दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं, जल्द ही फरार आरोपियाें की भी गिरफ्तारी हो जाएगी।