मिर्च पाउडर में मिला लाल रंग, मावा में मिला स्टार्च
झांसी। खाद्य एवं औषधि विभाग के द्वारा मिलावटखोरों पर शिकंजा क सने के लिए होली के दौरान छापेमारी कर 36 प्रतिष्ठिानों के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया था। जांच रिपोर्ट के अनुसार 36 नमूनों में से 27 नमूनों में मिलावट पाई गई है। लाल मिर्च पाउडर में सिंथेटिक रंग व मावा में स्टार्च पाया गया है।
त्योहारों पर खाद्य सामग्री की मांग अधिक होने के कारण मिलावटखोर भी सक्रिय हो जाते है। हर खाद्य सामग्री में मिलावट का खतरा बना रहता है। ऐसे में मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य एवं औषधि विभाग भी पूरी तरह से सक्रिय रहा था। होली के दौरान जिले भर में मिलावटखोराें के खिलाफ अभियान चलाकर लगभग 129 प्रतिष्ठानों को जांचा गया था। जांच के दौरान 36 प्रतिष्ठानों के नमूनों को भर क र जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला में भेजा गया था। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के अनुसार 36 नमूनों में से 27 में मिलावट पाई गई है। मावा में स्टार्च पाया गया तो वहीं लाल मिर्च पाउडर में सिंथेटिक रंग की मिलावट पाई गई है। जिला अभिहित अधिकारी राजेश द्विवेदी ने बताया कि जांच के दौरान सभी 36 नमूनों की जांच रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट के अनुसार 27 नमूनों में मिलावट पाई गई है, जिसमें 25 सामग्री में सामान्य व दो में असामान्य मिलावट पाई गई है। असामान्य मिलावट पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा आयुक्त को लिखित रूप से अवगत कराकर एफआईआर दर्ज कराने की अनुमति मांगी गई है। अनुमति के मिलते ही मामला दर्ज कराया जाएगा।