शव को लेकर भिड़े ससुराली व परिजन
झांसी। रविवार को आग से झुलसी महिला ने मेडिकल कॉलेेज में दम तोड़ दिया। ससुरालीजन शव लेकर घर पहुंच गए। घटना की जानकारी के बाद ससुराल में मायके पक्ष के लोगों का विवाद हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेेजा। यहां भी शव लेने के चक्कर में विवाद हो गया।
थाना बरुआसागर के कोलवा गांव निवासी ज्ञानवती (31) आग लगने से गंभीर रूप से झुलस गई थी। उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया था, जहां शनिवार को उनकी मौत हो गई थी। ससुरालीजन बिना लिखा पढ़ी कराए ही शव लेकर गांव पहुंच गए थे। खबर मिलते ही मृतका के घर वालों ने मौके पर पहुंचकर आपत्ति जताई, जिसको लेकर विवाद भी हो गया था। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पर ससुराल और मायके पक्ष के लोग जमा थे। इसी बीच शव लेने को लेकर विवाद हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस व कर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।