झांसी। आल्हा घाट के पास सरकारी जमीन के एक बड़े हिस्से पर नगर निगम के ही एक पार्षद ने कब्जा जमा लिया। सूचना मिलने पर प्रवर्तन दल प्रभारी एनएन वाजपई मौके पर पहुंच गए। दस्ते ने सरकारी जमीन को घेरकर बनाए गए निर्माण के एक हिस्से को ध्वस्त कर दिया है।
आल्हा घाट पर नगर निगम की कई आराजी में जमीन है लेकिन, उनकी घेराबंदी नहीं है। इसी का फायदा उठाते हुए वहां कई अवैध कब्जे किए जा चुके। इसमें नगर निगम के एक चर्चित पार्षद भी पीछे नहीं रहे। निगम अधिकारियों के मुताबिक पार्षद ने वहां करीब बीस गुणे पचास स्क्वायर फीट जमीन पर कब्जा जमाकर वहां व्यवसायिक निर्माण शुरू करा दिया। शिकायत मिलने पर जांच कराई गई। शिकायत के सही मिलने के बाद निगम अमला कार्रवाई करने पहुंच गया। उधर, जैसे ही पार्षद को इसकी सूचना मिली वह भी मौके पर पहुंच गए। पार्षद ने निगम अफसरों से कार्रवाई न करने की बात कही। काफी देर-तक दोनों पक्षों के बीच विवाद होता रहा। आखिरकार दस्ते ने निर्माण के एक हिस्से को ध्वस्त कर दिया। शेष कब्जा भी पार्षद को हटाने का अल्टीमेटम दिया है।