झांसी। कोरोना वायरस के इस दौर में स्वास्थ्य कर्मचारी देवेंद्र व्यास पिछले पांच महीने से घर पर ही क्वारंटीन रहकर मरीजों की सेवा में लगे हुए हैं। उनके पास मरीजों की ट्रेसिंग जैसी बड़ी जिम्मेदारी वाला काम है।
कोरोना की जांच के दौरान कई लोग अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर गलत दर्ज करा देते हैं। इसके बाद इन मरीजों को ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। टीबी चिकित्सालय में एसटी के पद पर तैनात देवेंद्र व्यास की ड्यूटी कोरोना के ऐसे मरीजों की ट्रेसिंग में लगी हुई है। मरीजों को ढूंढने के लिए वह दिनभर पसीना बहाते हैं। इसके लिए उन्हें कई बार हॉटस्पॉट और कंटेनमेंट क्षेत्र में भी जाना पड़ा। मरीज का पता लगाने के लिए कई लोगों से बातचीत भी करनी पड़ती है। यह बेहद जिम्मेदारी वाला कार्य है और वह इसे बखूबी निभा भी रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर जब वह घर जाते हैं, तो खुद को अलग कमरे में क्वारंटीन कर लेते हैं। वह परिवार के सदस्यों से ज्यादा बात भी नहीं करते हैं।