झांसी। कोरोना वायरस के संक्रमण ने बुधवार को झांसी पर बड़ा हमला बोला। 3,250 नमूनों की जांच में 236 में इस महामारी का संक्रमण पाया गया। तीसरी लहर के दरम्यान एक ही दिन में मिलने वाले मरीजों की ये अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। चिंताजनक स्थिति यह है कि ये मरीज जिले के अलग-अलग स्थानों से सामने आए हैं। यानी संक्रमण तेज रफ्तार से अपना दायरा बढ़ा रहा है। विश्वविद्यालयों के छात्र व स्टाफ में भी संक्रमण का प्रसार तेजी से हो रहा है।
कोरोना वायरस की तीसरी लहर के दरम्यान एक ही दिन में सबसे ज्यादा मरीज बीते रविवार को सामने आए थे। 4560 नमूनों की जांच में 117 संक्रमित पाए गए थे। जबकि, इसके बाद सोमवार को 110 और मंगलवार को 78 मरीज मिले थे। लेकिन, बुधवार को एक बार फिर संक्रमण ने तेज हमला बोला है। 236 लोग इस महामारी से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें महारानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के 22 छात्र व कर्मचारी हैं, जबकि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के तीन शिक्षक व कर्मचारी भी संक्रमित पाए गए हैं। मऊरानीपुर के ग्रामोदय स्कूल के भी तीन कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। एक निजी चिकित्सक व आयुष विभाग के एक कर्मचारी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके अलावा कैंट क्षेत्र में छह, पारीछा में सात, मिलिट्री हॉस्पिटल में चार के साथ-साथ खातीबाबा, पंचकुइयां, झोकनबाग, ताज कंपाउंड, इलाहाबाद बैंक चौराहा, चंदा होटल के पीछे, गोंदू कंपाउंड, अंसल पाम कोर्ट, अन्नपूर्णा कॉलोनी आदि क्षेत्रों से भी मरीज मिले हैं। वहीं, सीपरी बाजार स्थित एक नर्सिंग कॉलेज से मरीज मिलने का सिलसिला भी लगातार जारी है। बुधवार को संस्थान के तीन विद्यार्थी संक्रमित पाए गए।
राहत: अस्पतालों में सिर्फ आठ ही मरीज
झांसी। जिले में कोरोना के वर्तमान में 695 एक्टिव केस हैं। लेकिन, राहत की बात ये है कि इनमें से महज आठ मरीज ही अस्पतालों में दाखिल हैं। तीन मरीजों का महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज और पांच का मिलिट्री हॉस्पिटल में इलाज जारी है। जबकि, 631 मरीज घर पर ही रहकर कोरोना से लड़ रहे हैं। इसके अलावा 56 मरीज बाहरी जिलों के हैं। जबकि, 32 मरीजों को बुधवार को डिस्चार्ज किया गया।