झांसी। आचार संहिता के उल्लंघन में पुलिस ने बबीना से सपा के संभावित प्रत्याशी यशपाल यादव के खिलाफ बरुआसागर थाने में मुकदमा दर्ज किया है। खास बात यह है कि पिता का नाम और घर का पता अज्ञात में लिखा गया है। जबकि हकीकत यह है कि यशपाल के पिता चंद्रपाल सिंह को पूरा बुंदेलखंड जानता है। वह दो बार सांसद और एक दफा विधायक रह चुके हैं। लेकिन झांसी पुलिस शायद उनसे अभी तक अनजान है।
मंगलवार को पुलिस ने मुकदमा यशपाल यादव की फेसबुक आईडी से फोटो वायरल होने के बाद दर्ज किया था। इसमें यशपाल अपने तमाम साथियों के साथ साफ तौैर पर नजर आ रहे हैं। वह ग्रामीण क्षेत्रों में क्रिकेट किट का वितरण करते दिख रहे हैं। तस्वीरें वायरल होने के बाद झांसी का प्रत्येक व्यक्ति पूर्व सांसद चंद्रपाल के पुत्र यशपाल को पहचान गया लेकिन, पुलिस एफआईआर दर्ज करते वक्त न यशपाल के पिता के बारे में जान सकी और न उनका निवास स्थान ही मालूम कर सकी। पुलिस ने यशपाल के खिलाफ जो मुकदमा दर्ज किया वह यशपाल सिंह यादव पुत्र अज्ञात एवं निवास अज्ञात समेत अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज किया है। उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र यादव की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के मुताबिक अभियुक्त यशपाल सिंह यादव पुत्र अज्ञात द्वारा जराय का मठ में देवेंद्र सिंह यादव के मकान से पहले तिराहे पर कई गांव के युवा लड़कों को एकत्रित करके विधानसभा चुनाव- 2022 में मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से क्रिकेट किट वितरण किया। अपने फेसबुक आईडी पर पोस्ट डालने एवं फेसबुक पर अपलोड की गई फोटो में यशपाल अपने तमाम समर्थकों के साथ साफ नजर आ रहे हैं। वहीं, इस मामले में सीओ टहरौली अनुज सिंह ने लापरवाही की बात मानने से इंकार किया है। उनका कहना है एफआईआर शुरूआती विवरण के आधार पर दर्ज हुई। जो नाम प्रकाश में नहीं आए विवेचना में वह भी शामिल कर लिए जाएंगे।