झांसी। इस सप्ताह कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार में मंदी देखने को मिल रही है, लेकिन संक्रमितों की मौत का सिलसिला लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को 13 मरीजों की मौत हो गई। अब तक जिले में 451 लोग इस महामारी की चपेट में आकर अपनी जान गवां चुके हैं।
बृहस्पतिवार को जिले में कोरोना के 4,603 नमूनों की जांच की गई। इनमें 1938 आरटीपीसीआर, 38 ट्रूनेट तथा 2627 एंटीजन टेस्ट हुए। इनमें से 172 में इस महामारी का संक्रमण पाया गया। जबकि, 525 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इनमें से 153 को अस्पतालों से छुट्टी दी गई, जबकि 372 का होम आइसोलेशन पूरा हुआ। इससे जिले का रिकवरी रेट बढ़कर 84.90 प्रतिशत पर पहुंच गया है। वर्तमान में 5,171 सक्रिय संक्रमित हैं। वहीं, मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को 13 लोगों ने दम तोड़ा। जबकि, इससे पहले बुधवार को 12 और मंगलवार को 18 मौतें हुईं थीं। अब तक 451 लोग इस महामारी की चपेट में आकर अपनी जान गवां चुके हैं। बृहस्पतिवार को वरदान विहार कॉलोनी के 55 वर्षीय व्यक्ति, मिशन कंपाउंड की 72 वर्षीय वृद्धा, ग्राम अटरिया के 53 साल के व्यक्ति, नंदनपुरा के 40 साल के व्यक्ति, नैनागढ़ के 60 वर्षीय बुजुर्ग, रेलवे ऑफिसर कॉलोनी की 73 वर्षीय वृद्धा, सदर बाजार के 61 वर्षीय बुजुर्ग, नानकगंज के 66 वर्षीय बुजुर्ग, सिविल लाइन की 74 वर्षीय वृद्धा, उल्दन की 60 वर्षीय महिला, हंसारी के 71 वर्षीय बुजुर्ग, आईटीआई के पास के 33 साल के युवक तथा छतरपुर के 40 वर्षीय युवक की कोरोना से मौत हुई।