झांसी जिले में कोरोना वायरस ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। शनिवार को तीसरी लहर में सबसे ज्यादा 300 संक्रमित मामले सामने आए हैं। अब जिले में सक्रिय केसों की संख्या 1500 के पार पहुंच गई है। जबकि, रिकवरी रेट 94.28 प्रतिशत हो गया है।
कोरोना की तीसरी लहर ने पिछले सारे रिकॉर्ड तेज कर दिए हैं। शुरुआती एक हजार संक्रमितों की बात करें तो पहली की तुलना में तीसरी लहर तीन गुनी तेज हैं। जबकि, दूसरी के मुकाबले डेढ़ गुना अधिक तेजी से मामले सामने आए हैं।
झांसी में सबसे पहले 27 अप्रैल 2020 को कोरोना का पहला मामला सामने आया था। ओरछा गेट अंदर की रहने वाली 58 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव मिली थी। इसके बाद एक हजार केस होने पर लगभग 80 दिन लग गए। 18 जुलाई 2020 को 102 संक्रमित सामने आने के बाद कोरोना पॉजिटिव 1094 हो गए। फरवरी 2021 तक पहुंचकर पहली लहर थम सी गई। इस महीने के अंतिम दो सप्ताह में कई दिन या तो शून्य या फिर एक मरीज ही मिला। हालांकि, दो मार्च 2021 से फिर से कोरोना संक्रमित सामने आने के बाद दूसरी लहर की शुरुआत हो गई।