झांसी। लाइसेंसी पिस्टल के साथ थाने के भीतर डीजे पर डांस करने और फायरिंग करने वाले सिपाही को बर्खास्त कर दिया गया है। एसएसपी शिवहरी मीना ने सख्त रवैया अपनाते हुए बृहस्पतिवार को इस सिपाही को सेवा मुक्त कर दिया। इस संबंध मेें आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
सदर बाजार थाना परिसर में 28 मई को एक पैरोकार की विदाई समारोह के दौरान सिपाहियों ने डीजे की धुन पर जमकर ठुमके लगाए थे। इस दौरान कांस्टेबल कुलदीप सिंह यादव ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से थाना परिसर के भीतर हर्ष फायरिंग भी की थी। 23 जून को उसके हर्ष फायरिंग का यह वीडियो अचानक सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एसएसपी ने इसे संज्ञान लेते हुए आरोपी कांस्टेबल कुलदीप सिंह यादव समेत सदर बाजार के थानाध्यक्ष अजीत सिंह एवं दस सिपाहियों को भी निलंबित कर दिया था। आरोपी कुलदीप के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इसके बाद वीडियो की सत्यता जांचने को उसे प्रयोगशाला भेजा गया था। बुधवार को उसकी रिपोर्ट आ गई। इसमें वीडियो को सही पाया गया। इसके आधार पर एसएसपी शिवहरी मीना ने बृहस्पतिवार को आरोपी कांस्टेबल कुलदीप सिंह की सेवाएं समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया। एसएसपी शिवहरी मीना का कहना है कि इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
महिला आरक्षी संग छेड़खानी का आरोपी सिपाही की भी सेवा खत्म
यूपी-112 में तैनात आरक्षी अमित कुमार को भी महिला आरक्षी संग छेड़खानी, अवकाश के समय शराब का सेवन, अश्लील हरकत करने समेत अन्य आरोपों के सही पाए जाने के बाद उसकी भी सेवा समाप्त कर दी गईं। इस संबंध में एसएसपी ने आदेश जारी कर दिया। आरोपी अमित कुमार के खिलाफ छेड़खानी एवं लूट आदि के आरोप में ओरैया के दिवियापुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद वह जेल भेज दिया गया।