जलसंस्थान से ऑनलाइन कराइए कनेक्शन
- फोटो : demo
चार माह बाद जल संस्थान से ऑनलाइन सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इससे लोगों को नया जल कनेक्शन, बिल निकालने और बिल जमा करने की सुविधा घर बैठे मिल सकेगी। बिल भी साल में एक बार आएगा। इसके लिए विभाग ने तैयारियां तेज करते हुए कनेक्शन संख्या बढ़ाने की योजना बनाई है।
नगर निगम क्षेत्र में 80,776 भवन पंजीकृत हैं। हालांकि, सैटेलाइट सर्वे में एक लाख से अधिक भवन चिह्नित किए जा चुके हैं। लेकिन, जल संस्थान से सिर्फ 40,424 भवन मालिकों ने पानी के लिए संयोजन ले रखा है। भवनों की कुल संख्या और जल संस्थान के कुल कनेक्शनधारियों के बीच की बड़ी खाई को देखते हुए अब जल संस्थान ने सेवाओं को ऑनलाइन करने की योजना बनाई है। उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ाने के लिए नगर निगम से भवनों की संख्या का डाटा लेकर सभी को नोटिस भेजे जाएंगे। बिना कनेक्शन के ही पानी का उपभोग कर रहे होेंगे, उनके कनेक्शन नियमित किए जाएंगे। इसके बाद सभी उपभोक्ताओं को ऑनलाइन कर दिया जाएगा। वे कनेक्शन का स्टेटस जल संस्थान की साइट पर ही देख सकेंगे।
दोगुना करना है राजस्व
वित्तीय वर्ष 2017- 18 के तहत करीब चार माह बाद से जल संस्थान को ऑनलाइन बना लिया जाएगा। नगर निगम के सहयोग से कनेक्शन बढ़ाने के लिए काम शुरू कर दिया गया है। इस पहल से वसूली लक्ष्य को 13 करोड़ से 26 करोड़ पर पहुंचाना है।
- वीएन द्विवेदी, महाप्रबंधक जलसंस्थान।