झांसी। उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस और उत्तर प्रदेश व्यापार प्रकोष्ठ के आह्वान पर जिला और शहर कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ तहसील पर थाली बजाकर प्रदर्शन किया। बुंदेलखंड प्रभारी प्रभा पाल ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। उज्जवला गैस योजना में सरकार पीठ थपथपा रही है, जबकि हकीकत यह है कि अधिकांश घरों में गैस सिलिंडर शोपीस बने हुए हैं।
महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष और बुंदेलखंड प्रभारी प्रभा पाल, व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष यूथुप जैन पिंकी, महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष शमशाद बेगम, शहर अध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में थाली बजाकर प्रदर्शन किया। प्रभा पाल ने कहा कि रसोई का खर्च दोगुना हो गया है। गरीब की थाली में सब्जी की जगह प्याज और चटनी ने लेली है।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष सरला भदौरिया, गौरव जैन, शहनाज हुसैन, आशिया सिद्दीकी, गिरजा शंकर राय, रोज मैरी, रसीद अंसारी, मुकेश साहू, आजम अंसारी, जाकिर खान आदि मौजूद रहे।