जनपद के 20 और जूनियर हाईस्कूलों में विद्यार्थी कंप्यूटर शिक्षा पाएंगे। इन स्कूलों में सुधार के लिए प्रत्येक को 1.25 लाख रुपये आवंटित किया गया है। इनमें कंप्यूटर, फर्नीचर खरीदने के साथ ही विद्युत कनेक्शन लिया जाएगा और सीलिंग ठीक कराई जाएगी।
देहात में विद्यार्थी कंप्यूटर के माध्यम से आधुनिक शिक्षा से जुडे़ं और पठन-पाठन के लिए एनसीआरटी से प्राप्त सीडी का उपयोग किया जा सके। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा सियारी बुजुर्ग, मथुरापुरा, बुढ़पुरा, करगुवां खुर्द, निनौरा, जरबो, धावरी, भगौरा, पटकुआ, चनवारी, नंदखास, करकौस, घाट लहचूरा, जौरा, ढिकौली, लुहरगांव, रानापुरा, सिरसैड़ा जूनियर हाईस्कूल के अलावा बड़ागांव कन्या जूनियर हाईस्कूल, पाडरी में कंप्यूटर लगाए जाएंगे। गौरतलब है कि बेसिक के 136 स्कूलों में पहले से ही कंप्यूटर शिक्षा संचालित है। कंप्यूटर शिक्षा के लिए 46 अनुदेशक तैनात हैं, लेकिन कई स्कूलों में कंप्यूटर खराब होने के कारण कंप्यूटर शिक्षा बेहद प्रभावित है।