झांसी। कलक्ट्रेट और विकास भवन में अधिकारियों के समय के समय से न पहुंचने के अमर उजाला के खुलासे को आला प्रशासनिक अधिकारियों ने गंभीरता से लिया। हकीकत जानने मंडलायुक्त कलक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान उन्हें बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी नदारद मिले। कमिश्नर ने वहां मौजूद अधिकारियों को हर हाल में समय पर ऑफिस आने और जनसमस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी वहां से नदारद थे। मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि वह गांधी सभागार में आयोग की परीक्षा संबंधी बैठक में हिस्सा लेने गए हैं। इस पर उन्होंने वहां भी पहुंचकर उनकी उपस्थिति जांची लेकिन चकबंदी अधिकारी वहां भी नहीं मिले। इस पर मंडलायुक्त ने उनकी ड्यूटी निश्चित तौर पर आयोग की परीक्षा के दौरान लगाने के निर्देश दिए। कलक्ट्रेट के निरीक्षण के दौरान जगह-जगह मिली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए मंडलायुक्त ने इसे दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी बी प्रसाद, प्रदीप कुमार त्रिवेदी समेत अन्य उपस्थित थे।