झांसी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के रिक्त सीटों के लिए शनिवार को हुए मतदान में कुल 74 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। इस दौरान दो ग्राम प्रधान समेत 119 ग्राम पंचायत सदस्य एवं एक बीडीसी पद के लिए वोट डाले गए। अब 14 जून को मतों की गणना कराई जाएगी।
बामौर ब्लॉक को छोड़कर सभी ब्लॉकों में ग्राम पंचायत सदस्यों के पद रिक्त होने से सभी ब्लॉकों में ही चुनाव कराने पड़े। प्रशासन ने उपचुनाव के लिए व्यापक पैमाने पर तैयारी की हुई थी। बूथों पर भी सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए थे। बबीना, बड़ागांव, मोंठ, चिरगांव, मऊरानीपुर, बंगरा एवं गुरसरायं में 43 ग्राम पंचायतों के लिए 56 मतदान केंद्रों में मतदान हुआ। यहां 89 बूथों में सुबह सात बजे से मतदाता आना शुरू हो गए। शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। बबीना ब्लॉक में 4 ग्राम पंचायत सदस्य के लिए वोट डाले गए। बड़ागांव ब्लॉक में 7 सदस्य, मोंठ ब्लॉक में 31 सदस्य एवं बीडीसी सदस्य के साथ ही ग्राम प्रधान इमलिया के लिए भी वोट डाले गए। चिरगांव ब्लॉक में 27 सदस्य, मऊरानीपुर में 26 सदस्य, बंगरा में 22 सदस्य समेत देवरीसिंह पुरा के लिए ग्राम प्रधान पद के लिए वोट डाले गए। मतदान खत्म होने के बाद बबीना ब्लॉक में 75 प्रतिशत, बड़ागांव में 58 प्रतिशत, मोंठ में 73 प्रतिशत, चिरगांव में 82 प्रतिशत, मऊरानीपुर में 70 प्रतिशत, बंगरा में 66 प्रतिशत एवं गुरसराय ब्लॉक में 91 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया।