झांसी। स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने अमर उजाला की खबर का संज्ञान लेकर जिला अस्पताल के सीएमएस का स्पष्टीकरण तलब कर लिया है। उन्होंने सीएमओ से दो मई तक स्पष्टीकरण प्राप्त कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार के अंक में अमर उजाला ने भीषण गर्मी में जिला अस्पताल में बदहाली की खबर को प्रकाशित किया था। खबर में बताया गया कि अस्पताल में कूलर बगैर पानी के चल रहे हैं। पंखों की रफ्तार भी बड़ी मंद है। हालात यह हैं कि गर्मी में मरीज भी बेचैन हो जाते हैं। तीमारदारों को ही खुद कूलर में पानी भरना पड़ता है। कूलर में पानी न होने की शिकायत मरीज और तीमारदार करते रहते हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है। इस खबर का स्वास्थ्य मंत्री ने संज्ञान लिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है कि जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं व अभद्र व्यवहार से संबंधित अमर उजाला में छपी खबर का संज्ञान लेते हुए सीएमओ को जिला अस्पताल के सीएमएस से इस प्रकरण में दो मई तक स्पष्टीकरण प्राप्त कर भेजने के आदेश दिए हैं।