झांसी। लॉकडाउन की शुरुआत से ही जरूरतमंदों की मदद के लिए अमर उजाला फाउंडेशन की हेल्पलाइन (7617566165) सक्रिय हो गई थी। लॉकडाउन का तीसरा चरण शुरू होने के बाद भी फाउंडेशन से जुड़ीं सामाजिक संस्थाएं व स्वयंसेवी लगातार अपनी सेवाएं देने में जुटी हुई हैं।
सोमवार को दतिया गेट से एक व्यक्ति का फोन आया, उसने बताया कि उसके पड़ोस में छह मजदूर परिवार रहते हैं। लॉकडाउन के शुरुआत से ही पड़ोसियों की मदद से काम चलता रहा, लेकिन अब आसपास के लोग भी मदद की स्थिति में नहीं बचे हैं। इसकी सूचना जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर आशीष उपाध्याय को दी। उन्होंने तत्काल अपने साथियों के साथ पहुंचकर जरूरतमंद लोगों को राशन की किट प्रदान की, जिसमें आटा, दाल, चावल समेत अन्य खाद्य पदार्थ भी शामिल रहे। राशन की किट पाकर सभी चहक पड़े। उन परिवारों के नन्हें बच्चे स्वयंसेवियों से बोले थैंक्यू अंकल।