छपरा मेल निरस्त, देरी से आईं कई ट्रेनें
झांसी। धुंध के कारण सोमवार को 20 से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से आईं। ट्रेनों के इंतजार में मुसाफिर बेहाल रहे। वहीं, कानपुर के गोविंदपुरी और भीमसेन स्टेशन के बीच चल रहे कार्य के कारण ग्वालियर बरौनी छपरा मेल को निरस्त कर दिया गया। इस ट्रेन के निरस्त होने से दोपहर के वक्त कानपुर की तरफ जाने वाले यात्री परेशान रहे।
कानपुर क्षेत्र के गोविंदपुरी- भीमसेन खंड पर दोहरीकरण कार्य के चलते नॉन इंटरलाकिंग कार्य चल रहा है। इस कार्य के चलते सोमवार को ग्वालियर से बरौनी जाने वाली छपरा मेल को निरस्त कर दिया गया। इस ट्रेन के निरस्त होने से 100 से अधिक यात्रियों को अपने आरक्षित टिकट निरस्त कराने पड़े। बरौनी से ग्वालियर आने वाली छपरा मेल को भी झांसी की जगह कानपुर, टूंडला, इटावा होकर ग्वालियर लाया गया। इधर, सुबह के वक्त बढ़ रही धुंध के कारण ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ती जा रही है। जबलपुर से निजामुद्दीन जाने वाली महाकौशल एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से नौ घंटे देरी से आई। यह ट्रेन झांसी सुबह 3.55 बजे आती है।
इसी तरह चेन्नई से निजामुद्दीन जाने वाली 12213 दूरंतो एक्सप्रेस सात घंटे, 22404 नई दिल्ली पांडुचेरी एक्सप्रेस पांच घंटे, 11016 कुशीनगर एक्सप्रेस ढाई घंटे, कोलकाता से झांसी आने वाली 11105 प्रथम स्वतंत्रता संग्राम एक्सप्रेस ढाई घंटे, 12541 गोरखपुर लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस तीन घंटे, 19168 साबरमती एक्सप्रेस पौने तीन घंटे, 12627 कर्नाटका एक्सप्रेस आधे घंटे, 51806 बांदा झांसी पैसेेंजर तीन घंटे, 12645 स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस व 12617 मंगला एक्सप्रेस दो घंटे देरी से आई। ट्रेनों की देरी के कारण मुसाफिरों को सर्दी में प्लेटफार्म और वेटिंग रूम में बैठकर इंतजार करना पड़ा।