बुंदेलखंड के पिछड़ेपन का दाग धोएंगे चंद्रिका
झांसी। बुधवार को योगी सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल हुए चित्रकूट के विधायक चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा बुंदेलखंड को दिया गया पिछड़ेपन का दाग धोना उनकी प्राथमिकता रहेगी। हालांकि, इस दिशा में केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही हैं। वे इसे आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
मंत्री बनने के बाद अमर उजाला से फोन पर हुई खास बातचीत में उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों की अनदेखी की बदौलत बुंदेलखंड पिछड़ गया था। लेकिन, डिफेंस कॉरिडोर, एक्सप्रेस वे जैसी योजनाओं के जरिये भाजपा की सरकारें इस क्षेत्र को आगे लाने का काम कर रही हैं। क्षेत्र के हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाना उनकी प्राथमिकता में रहेगा। साथ ही, झांसी हो या चित्रकूट, पूरे बुंदेलखंड में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। ये क्षेत्र देश में पर्यटन का बड़ा केंद्र बन सकता है। इस दिशा में गंभीर प्रयास किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय 2010 में मुख्य विकास अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली थी। भाजपा के टिकट से वे पहली बार 2012 में चित्रकूट से विधानसभा से चुनाव लड़े थे। इस चुनाव में उन्हें सपा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा में 2017 में फिर उन्हें मौका दिया और इस बार उन्हें पहली बार विधानसभा जाने का मौका मिला। चंद्रिका के मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद अब बुंदेलखंड से दो मंत्री हो गए हैं। उनके पहले से महरौनी विधायक मनोहर लाल पंथ प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री हैं।