- जान से मारने की धमकी देने का भी है आरोप
समथर। कस्बे के अग्गा बाजार में एक दुकान पर एक साल पहले अवैध कब्जा कर चोरी करने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
मोहल्ला नईबस्ती निवासी कमलेश कुमार व्यास ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पिता ने वर्ष 2012 में अग्गा बाजार में एक दुकान खरीदी थी, जिसमें उसके परिवार के लोग व्यापार करते आ रहे हैं। पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां दुकान का संचालन कर रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने दुकान में अपनी हिस्सेदारी का दावा करते हुए 15 लाख रुपये की मांग की व कुछ दिन बाद 15 मार्च 2025 को देर रात आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर नकदी व सामान निकाल लिया एवं अपना ताला डाल दिया। उस समय पुलिस व उच्च अधिकारियों से मामले की शिकायत की गई तो उनके परिवार को दुकान वापस दिला दी गई। तहरीर के आधार पर समथर पुलिस ने कस्बा निवासी अजय, जयप्रकाश, राजेश, मोनू, तनु व रग्घू के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार राजपूत ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।