अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। एसएसपी ऑफिस में सोमवार को दरोगा और सिपाही के बीच हुई मारपीट के मामले में नवाबाद थाने में दरोगा पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मारपीट के दौरान जमकर हंगामा हुआ था। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के वाचक कार्यालय में तैनात सिपाही अनुज यादव ने नवाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि सोमवार को वह कार्यालय परिसर से बाहर जा रहा था। बाहर निकलते ही औरेया के थाना कुदरकोट निवासी जीआरपी में तैनात उप निरीक्षक संदीप यादव ने अपनी बाइक से उसे टक्कर मार दी। इससे वह गिर गया। सिपाही ने बताया कि जैसे ही वह उठकर खड़ा हुआ, दरोगा ने कॉलर पकड़कर लात-घूंसों से मारना शुरू कर दिया। अन्य पुलिसकर्मियों के बीच-बचाव करने पर संदीप यादव जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया। सिपाही ने बताया कि घटना के बाद से वह काफी भयभीत है। नवाबाद थाना पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।