मोंठ। थाना पूंछ के पास हाईवे पर मंगलवार की सुबह झपकी आने पर एक कार सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में कार सवार महिला की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए।
बताया जाता है कि राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी दीपक शर्मा अपने परिवार को लेकर कार से प्रयागराज कुंभ में स्नान करने जा रहे थे। दीपक शर्मा की पत्नी पायल शर्मा ने बताया कि वह लोग पहले ओरछा गए थे। वहां रुकने की उचित व्यवस्था न मिलने के कारण वह लोग चित्रकूट जा रहे थे। जैसे ही वह थाना पूछ अंतर्गत हाईवे पर पहुंचे अचानक दीपक को झपकी आ गई । इससे कार असंतुलित हो गई और सड़क किनारे खाई में पलट गई, जिसमें उनकी सास वान कुंवर शर्मा की मौत हो गई। उनका पुत्र अथर्व (13) एवं मीना देवी उर्फ भान कुंवर और दीपक घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए मोंठ अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की हालत नाजुक होने पर झांसी रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया।