झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय और कॉलेजों के व्यावसायिक कोर्सों में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तारीख खत्म हो चुकी है। कई कैंपस कोर्सों में प्रवेश के लिए काफी मारामारी है। डी-फार्मा में बीस गुना तो बीएससी नर्सिंग में प्रवेश के लिए निर्धारित सीटों पर छह गुना आवेदन आए हैं। कई कोर्सों में दोगुने से ज्यादा फॉर्म भरे गए हैं। हालांकि, कुछ कोर्स ऐसे भी हैं, जिनमें सीट से बेहद कम फॉर्म आए हैं।
बीयू कैंपस में सौ से अधिक कोर्स चलते हैं। इसमें लगभग 40 कोर्सों में प्रवेश परीक्षा के जरिए प्रवेश होता है, जबकि 35 पाठ्यक्रमों में मेरिट के जरिए सीधे प्रवेश दिए जाते हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में भी व्यावसायिक कोर्स चलते हैं। इनमें प्रवेश के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 13 जुलाई थी। आंकड़ों पर गौर करें तो पैरामेडिकल कॉलेज में संचालित बीएससी नर्सिंग की 40 सीटों में प्रवेश के लिए सबसे ज्यादा आवेदन आए हैं। वहीं, डी-फार्मा में हर बार की तरह इस बार भी प्रवेश पाने की होड़ मची हुई है। 60 सीटों के लिए छह गुना अधिक फॉर्म भरे गए हैं। वहीं, सीधे प्रवेश वाले बीकॉम ऑनर्स और बीपीटी में दो गुना से अधिक फॉर्म भरे गए हैं।
बीएससी नर्सिंग, डीफार्मा समेत कई कोर्सों में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं के काफी अधिक आवेदन आए हैं। कैंपस कोर्सों के प्रति छात्रों का रुझान बढ़ा है। - प्रो. प्रतीक अग्रवाल, प्रवेश सेल समन्वयक, बीयू।
इन कोर्सों में ज्यादा होड़
इस बार एलएलएम और एमएड में सीटों की तुलना में लगभग डेढ़ गुने ज्यादा फॉर्म भरे गए हैं। वहीं, बीएलएलड, बीटेक बायोमेडिकल साइंस, बीएएलएलबी, एलएलबी में कम, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग, फूड इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, बीएससी एग्रीकल्चर में भी सीट से ज्यादा आवेदन आए हैं। एमबीए में लगभग दोगुने, एमएससी एग्रीकल्चर साइंस में डेढ़ गुने से ज्यादा, एमएससी फूड टेक्नोलॉजी, एमएससी फॉरेंसिक साइंस में डेढ़ गुने से ज्यादा फॉर्म आए हैं। एमबीएस फाइनेंस मैनेजमेंट, एमफार्मा में प्रवेश के लिए छात्रों ने रुचि दिखाई है।
इनमें छात्रों का रुझान कम
बीपीएड में सीट की तुलना में सिर्फ एक तिहाई फॉर्म ही भरे गए हैं। वहीं, एमबीए इंटरनेशनल बिजनेस, एमबीए टूरिज्म, एमसीए, एमएससी स्टैटिक्स, एमएससी लाइफ साइंस में कम आवेदन आए हैं। एमएससी बायोकेमिस्ट्री, एमएससी बायोमेडिकल साइंस, एमएससी बायोटेक्नोलॉजी, एमएससी बॉटनी, एमएससी केमिस्ट्री, एमएससी इन्वॉयरमेंटल साइंस, एमएससी मैथमेटिक्स, एमएससी माइक्रोबायोलॉजी, एमएससी फिजिक्स, एमएससी जुलोजी में प्रवेश के लिए छात्रों में ज्यादा होड़ नहीं है। इन सभी कोर्सों में सीटों से कम फॉर्म भरे गए हैं।