सकरार (झांसी)। श्री दूधनाथ सर्वोदय महाविद्यालय सकरार में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता (बालक वर्ग) का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबले में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस की टीम विजेता रही, जबकि मेजबान श्री दूधनाथ सर्वोदय महाविद्यालय की टीम उपविजेता बनी।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. सूरजपाल सिंह, थाना प्रभारी अनुज कुमार, प्रबंधक प्रो. रामचंद्र पटेल, प्राचार्य डॉ. अशोक यादव, वरिष्ठ पत्रकार जय सिंह सिसोदिया एवं राकेश कुमार सेन सहित अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
डॉ. सूरजपाल सिंह ने कहा कि खेल को खेल भावना से खेलना चाहिए। प्राचार्य डॉ. अशोक यादव ने कहा कि खेलों से प्रतिभाओं में निखार आता है। प्रबंधक प्रो. रामचंद्र पटेल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
चयनित खिलाड़ी हरियाणा के जींद में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में महोबा, ललितपुर, बांदा सहित विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। निर्णायक की भूमिका प्रेमानंद, सुरेंद्र प्रजापति, अर्जुन वर्मा, कमलेश कुशवाहा एवं सुशील कुमार साहू ने निभाई। संचालन दिनेश सोनी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।