मुख्य सचिव राजीव कुमार ने कहा कि बुंदेलखंड में ट्रांसफार्मर और जर्जर तार ठीक करने को 36.5 करोड़ रुपये जारी होंगे। जिन गांवों में जमीनों के विवाद चल रहे हैं, उनका राजस्व व पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर जल्द निस्तारण किया जाए।
नगर निगम सभागार में झांसी व चित्रकूटधाम मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि अंत्योदय कार्डधारकों को हर हाल में 25 तारीख तक राशन दे दिया जाए, यदि इसमें लापरवाही की शिकायत मिली तो कार्रवाई होगी। पाइप पेयजल योजनाएं मार्च तक मानक और गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को पानी की समस्या न हो।
सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि मध्यम और गहरी बोरिंग के लिए आठ करोड़ रुपये जारी करें। किसानों की रबी की फसल को नुकसान से बचाने के लिए दो महीने तक सिंचाई की व्यवस्था कराएं। रबी फसलों का बीमा कराकर किसानों को लाभ दिलाएं। बुंदेलखंड के विकास के लिए चार हजार करोड़ रुपये का विशेष पैकेज बनाकर भारत सरकार के पास स्वीकृति के लिए भेजा गया है। उसके जल्द स्वीकृत होने के आसार हैं। बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए पांच फरवरी से शाम की बिजली कटौती नही होगी। बिजली विभाग को निर्देश दिए कि गांव में कैंप लगाकर बिलों के भुगतान में किसानों का सहयोग करें। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।
इस मौके पर अपर मुख्य सचिव नियोजन संजीव सरन, प्रमुख सचिव ऊर्जा आलोक कुमार, प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास विभाग अनुराग श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव सिंचाई टी वैंकटेश, प्रमुख सचिव समाज कल्याण मनोज कुमार, सचिव गृह भगवान स्वरूप, राहत आयुक्त संजय कुमार, खाद्य आयुक्त आलोक कुमार, निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पंकज कुमार, मंडलायुक्त कुमुदलता श्रीवास्तव, जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी मौजूद रहे।