केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल
पेयजल योजना को किसी भी दशा में उसकी डेडलाइन से पहले दिसंबर तक पूरा कर लेने का दावा किया है। शनिवार को झांसी दौरे पर पहुंचे केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल ने पेयजल योजना को किसी भी दशा में उसकी डेडलाइन से पहले दिसंबर तक पूरा कर लेने का दावा किया है।कहा इसे पूरा करने के लिए सरकार की ओर से अतिरिक्त प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए रात में भी लगातार काम चल रहा है। इसकी मदद से दो लाख से अधिक घरों तक पानी का कनेक्शन करके पीने का पानी पहुंचाया जाएगा।
केंद्रीय जलशक्ति राज्यमंत्री ने बबीना के बुढ़पुरा गांव पहुंचकर पेयजल योजना के निर्माणाधीन कार्यों का जायजा भी लिया। बुढ़पुरा ग्राम समूह पेयजल योजना के लिए 216.95 करोड़ की लागत से पेयजल लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसके लिए रॉ-वाटर माताटीला बांध से लिया जाएगा। इसके लिए इंटेकवेल बनाए जाएंगे। फिलहाल बारिश में पानी भर जाने से काम बंद हो गया। वहीं, इंटेक वेल से रॉ-वाटर राइजिंग मेन लाइन के बीच 14 किमी के मुकाबले 12 किमी लाइन बिछाई जा चुकी। 28 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण करीब पचास प्रतिशत पूरा हो चुका।
राज्यमंत्री के मुताबिक योजना पूरी करने की डेडलाइन दिसंबर-2022 तय है लेकिन, इसे दिसंबर 2021 तक पूरा कर लिया जाएगा। कहा, इसके लिए रात में भी काम कराया जा रहा है। राज्यमंत्री ने इंटेकवेल का निर्माण पूरा न हो पाने पर प्लोटिंग पंप से पंपिंग करके जलापूर्ति आरंभ करने के भी निर्देश दिए हैं। इस योजना के जरिए 28504 घरों तक सीधे पानी कनेक्शन दिए जाएंगे। इसकी मदद से 1108820 लोगों को योजना के पूरा होने के बाद साफ पानी पीने के लिए मिल सकेगा।
ग्रामीणों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया
परियोजना के निरीक्षण के बाद उन्होंने घसौली गांव में चौपाल भी लगाई। यहां राज्यमंत्री ने ग्रामीणों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया। कहा, स्वच्छता के लिए शौचालय का इस्तेमाल किया जाए। इसके पहले झांसी पहुंचने पर सर्किट हाउस पहुंचकर भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। राज्यमंत्री के साथ निरीक्षण के दौरान विधायक राजीव सिंह पारीछा, जिपं अध्यक्ष पवन कुमार गौतम, सीडीओ शैलेष कुमार, अधिशासी अभियंता रणविजय सिंह, डीपीआरओ जगदीश राम समेत अन्य उपस्थित थे।
सर्किट हाउस पहुंचकर भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
केंद्रीय जलशक्ति राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल के सर्किट हाउस पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। राज्यमंत्री ने भाजपा नेताओं से पार्टी गतिविधियों के बारे में भी बातचीत की। इस दौरान पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।