झांसी। छात्र द्वारा ललित कला संस्थान की महिला प्रवक्ता के घर जाकर शुक्रवार को धमकाने और शनिवार को कक्षा में उनसे व कुल अनुशासक से अभद्रता करने की घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की नींद टूट गई है। सोमवार को ललित कला संस्थान में दो गार्डों की तैनाती कर दी गई। वहीं, थाना नवाबाद पुलिस ने अभी तक आरोपी छात्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
ललित कला संस्थान जिस बिल्डिंग में हैं उसी में पत्रकारिता विभाग और आर्किटेक्चर विभाग है। कुछ दिनों पूर्व इस भवन के पास एक छात्रा से अभद्रता का मामला प्रकाश में आया था। उस समय यहां सुरक्षा कर्मी तैनात करने की मांग उठी थी। हालांकि, मामला ज्यादा उछला नहीं, जिससे विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया है। ललित कला संस्थान की समन्वयक डा. श्वेता पांडेय पर जानबूझकर फेल करने का आरोप लगाते हुए एप्लाइड आर्ट के द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने उनके घर जाकर शुक्रवार को अभद्रता की थी। शनिवार को छात्र ने कक्षा में उनसे व चीफ प्रोक्टर बीएल मौर्य से भी बदतमीजी की। इस घटना के बाद सुरक्षा कर्मी की मांग एक बार फिर होने लगी।
सोमवार को विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस भवन में एक गार्ड तैनात कर दिया। हालांकि, प्रोफेसर से अभद्रता करने वाले छात्र के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शिकायती पत्र देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
बगैर कार्ड प्रवेश नहीं
गार्ड तैनात होने के बाद सोमवार को ललित कला संस्थान, पत्रकारिता विभाग और आर्किटेक्चर विभाग में बिना प्रवेश पत्र किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। जो छात्र अपना कार्ड भूल आए थे, उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। विभागाध्यक्षों द्वारा पुष्टि करने पर ही बिना कार्ड वाले छात्रों को प्रवेश मिल सका।
हर विभाग में गार्ड लगाना संभव नहीं है। गेट पर गार्ड तैनात रहते हैं, यदि किसी विभाग में घटना होती है तो वहां गार्ड की तैनाती कर दी जाती है।
सुरेद्र दुबे, कुलपति
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय
अभी मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
बीएल यादव, थानाध्यक्ष नवाबाद