अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जिन छात्र-छात्राओं को बैक परीक्षा देनी है, उन्हें एक दिन में अलग-अलग पालियों में दो परीक्षाएं देनी होंगी। बीयू कैंपस तथा संबद्ध कॉलेजों में ऐसा पहली बार होगा। इसे लेकर बीयू प्रशासन का तर्क है कि मुख्य व बैक परीक्षाएं अलग-अलग कराने से काफी समय लग जाता है।
बीयू में अभी तक बैक की परीक्षाएं सम अथवा विषम सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा के बाद कराई जाती थीं। इसकी वजह से परीक्षाएं खत्म होने में डेढ़ से पौने दो माह तक का समय लगता है। इससे परिणाम जारी करने में भी देरी होती है। परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि यह प्रस्ताव सभी ने स्वीकार कर लिया है। जिसको लेकर तय किया गया है कि मुख्य परीक्षाओं के साथ ही बैक परीक्षा कराई जाएगी।
सम सेमेस्टर की ये परीक्षाएं होंगी लिखित
अब बीए-एलएलबी, एलएलबी, एलएलएम, बीपीईएस व बी.फार्मा की सम सेमेस्टर परीक्षाएं लिखित होंगी। परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि विगत वर्ष सभी परीक्षाएं बहुविकल्पीय हुई थीं मगर इस बार इन पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं लिखित होंगी। ब्यूरो