अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने शिक्षा सत्र 2025-26 की प्रवेश प्रक्रिया अप्रैल से शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए फरवरी के अंतिम सप्ताह में प्रवेश समिति की बैठक हो सकती है।
शासन ने आगामी शिक्षा सत्र नियमित करने के आदेश दिए हैं। स्पष्ट कहा है कि दाखिले और विषम-सम सेमेस्टर परीक्षाएं कराने में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। सभी दाखिले समर्थ पोर्टल के माध्यम से ही होने चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही और ढिलाई नहीं होनी चाहिए। इसके चलते बीयू प्रशासन ने तय किया गया है कि अप्रैल से आवेदन की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और जून तक दाखिले पूर्ण कर दिए जाएंगे ताकि जुलाई से पठन-पाठन शुरू कराया जा सके।
कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया अप्रैल से दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने की योजना है। जल्द ही प्रवेश समिति की बैठक बुलाई है जिसमें पूरी कार्ययोजना बनाई जाएगी।