झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में कैंपस के दस कोर्सों में प्रवेश की जबरदस्त होड़ रहेगी। इसमें डीफार्मा, बीएससी एग्रीकल्चर साइंस, बीएससी नर्सिंग, बीकॉम ऑनर्स, एलएलएम, एमएड समेत कई कोर्स शामिल हैं। कोविड की संभावित तीसरी लहर के चलते इस बार भी झांसी समेत बुंदेलखंड के छात्र-छात्राएं बाहर पढ़ने जाने के लिए बचेंगे। कैंपस में ही हॉस्टल होने की वजह से बीयू छात्र-छात्राओं की पहली पसंद होगा। पिछले साल भी साढ़े पांच हजार सीटों पर करीब 12 हजार से अधिक आवेदन आए थे। इसे लेकर विवि प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
बीयू कैंपस में 100 से अधिक कोर्स चलते हैं। जिसमें करीब साढ़े पांच हजार सीटें हैं। वहीं 40 कोर्सों में परीक्षा के जरिए प्रवेश होता है, जबकि 35 पाठ्यक्रमों में मेरिट के जरिए सीधे प्रवेश दिए जाते हैं। आंकड़ों पर गौर करें तो पिछली बार सबसे ज्यादा डीफार्मा में 20 गुना आवेदन आए थे। जबकि, पैरामेडिकल कॉलेज में संचालित बीएससी नर्सिंग की 40 सीटों में प्रवेश के लिए सबसे ज्यादा आवेदन आए। सीधे प्रवेश वाले बीकॉम ऑनर्स और बीपीटी में दो गुना से अधिक फॉर्म भरे गए। एलएलएम और एमएड में सीटों की तुलना में लगभग डेढ़ गुने ज्यादा फॉर्म भरे गए। एमबीए में लगभग दोगुने, एमएससी एग्रीकल्चर साइंस में डेढ़ गुने से ज्यादा, एमएससी फूड टेक्नोलॉजी, एमएससी फॉरेंसिक साइंस में डेढ़ गुने से ज्यादा फॉर्म आए हैं। इसके अलावा भी कई कोर्सों में सीटों से अधिक आवेदन आए। इस बार भी इन्हीं व्यावसायिक कोर्सों में प्रवेश की जबरदस्त मारामारी रहेगी।
बीयू में शुरू हो चुकी है प्रवेश प्रक्रिया
बीयू के प्रवेश सेल समन्वयक प्रो. प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि बीयू और संबद्ध कॉलेजों में संचालित व्यावसायिक कोर्सों में प्रवेश परीक्षा और सीधे प्रवेश के जरिए होने वाले एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन 25 मई से खोले जा चुके हैं। कोविड के चलते प्रवेश परीक्षा अगस्त 2021 के अंतिम सप्ताह में आयोजित कराई जा सकती है।
पिछले चार सालों की स्थिति
........................................
सत्र प्रवेश परीक्षा सीधे प्रवेश कुल
वर्ष 2017-18 8860 1950 10810
वर्ष 2018-19 8700 1860 10560
वर्ष 2019-20 8850 2050 10900
वर्ष 2020-21 9413 2657 12070