झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित पीएचडी की प्रवेश परीक्षा में 62 फीसदी छात्र-छात्राएं फेल हो गए हैं। बीयू की तरफ से रिजल्ट वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। अब साक्षात्कार के लिए शोध काउंसलिंग 21 जनवरी से शुरू होगी।
31 दिसंबर को इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग, एबीएस कॉलेज, एसआर कॉलेज, आरजी इंस्टीट्यूट समेत बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में पीएचडी की प्रवेश परीक्षा हुई। परीक्षा के लिए 635 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। नेट, जेआरएफ अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा से छूट थी। 37 फीसदी छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी और 396 परीक्षार्थी केंद्र पर बैठे। बुधवार को विश्वविद्यालय ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया। परीक्षाफल विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.bujhansi.ac.in पर देखा जा सकता है। पीएचडी कोर्स में साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों की शोध काउंसलिंग की विषयवार बैठक 21 जनवरी से शुरू की जाएगी। इसकी सूचना अलग से अभ्यर्थी की मेल और विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दी जाएगी।