अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी-कानपुर हाइवे पर सोमवार सुबह बराठा तिराहे के पास बीटीसी छात्रा अंजली राजपूत (21) की बस की चपेट में आने से मौत हो गई। वह अपने भाई मानवेंद्र राजपूत के साथ परीक्षा देने जा रही थी। रोड क्रास करते समय सामने से आई बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बस बाइक को करीब पचास फीट तक घसीट ले गई। अंजली के सिर पर बस का पहिया चढ़ जाने से मौके पर उसकी मौत हो गई जबकि मानवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज वीडियो सामने आया है। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग निकला। पुलिस उसे तलाश रही है।
बेहटा पालर गांव निवासी अंजली की शादी दो साल पहले बड़ागांव के लिधौरा गांव में आकाश राजपूत से हुई थी। आकाश झांसी में प्राइवेट नौकरी करता है जबकि अंजली बरुआसागर स्थित डायट से बीटीसी कोर्स कर रही थी। परिजनों ने बताया कि सोमवार को अंजली का पेपर था। पेपर दिलाने के लिए उसने अपने भाई मानवेंद्र को बुलाया था। सुबह करीब आठ बजे मानवेंद्र बाइक से उसे पेपर दिलाने निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बराठा तिराहा के रुद्र ढाबे के पास सड़क क्रास करते समय अचानक सामने से बस आ गई। बस की चपेट में आने दोनों सड़क पर जा गिरे। बस का पहिया चढ़ जाने से अंजली की मौके पर मौत हो गई जबकि मानवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर लगने पर परिवार के लोग मेडिकल अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर बस छोड़कर मौके से भाग निकला। हादसे के बाद नाराज लोगों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। सीओ सदर रामवीर सिंह का कहना है कि डबल डेकर प्राइवेट बस गोंडा से गुजरात जा रही थी। बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।
इनसेट
पढ़ने में होशियार थी अंजली
अंजली पढ़कर प्रशासनिक अफसर बनना चाहती थी। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की भी तैयारी कर रही थी। बीटीसी कोर्स भी कर रही थी। परिजनों ने बताया कि अंजली पढ़ने में भी होशियार थी। उसकी मौत से परिवार में रोना-पिटना मचा है। अंजली परिवार की इकलाैती बेटी थी। उसका एक भाई आनंद यूपी पुलिस में सिपाही है जबकि पिता अशोक खेती किसानी करते हैं।