झांसी। विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन बुधवार को बहुजन समाज पार्टी के झांसी सीट से प्रत्याशी सीताराम कुशवाहा तथा मऊरानीपुर प्रत्याशी प्रागीलाल ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके अलावा जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के नौ प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म खरीदे।
बसपा प्रत्याशी सीताराम कुशवाहा अपने समर्थकों व पार्टी नेताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने उप जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय कक्ष में रिटर्निंग ऑफिसर चंदन कुमार पटेल के समक्ष दो सेट में नामांकन पत्र जमा किए। बसपा के जोनल कोआर्डिनेटर भूपेंद्र आर्या व पूर्व पार्षद चंद्रभान आदिम उनके प्रस्तावक रहे।
वहीं, मऊरानीपुर विधानसभा से बसपा के प्रत्याशी प्रागीलाल अहिरवार ने अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय कक्ष में नामांकन दाखिल किए। उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर एस के शुक्ला के समक्ष नामांकन पत्र के दो सेट भरे। प्रागीलाल के प्रस्तावक साबिर खान और रामकुमार रहे।
इस दौरान मऊरानीपुर विधानसभा की सपा प्रत्याशी डा. रश्मि आर्या व भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बिहारी लाल आर्य, बबीना विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी रामसेवक शर्मा, गरौठा विधानसभा से निर्दलीय बालाराम व जन अधिकार मंच के राजेंद्र पाल और झांसी विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी संजीव कुमार, रामनाथ, राकेश कुमार सेन, सुनील प्रजापति व सीताराम ने नामांकन फार्म लिए।
सीताराम की बढ़ गई संपत्ति
बसपा प्रत्याशी सीताराम कुशवाहा ने 2012 के चुनाव में अपनी चल - अचल संपत्ति एक करोड़ बानवे लाख अस्सी हजार रुपये दर्शाई थी। इस चुनाव में नामांकन पत्र के साथ जमा किए हलफनामे में उन्होंने दो करोड़ तिरेसठ लाख इक्यानवे हजार रुपये की संपत्ति बताई है। सीताराम के पास नकद 4.60 लाख रुपये व पत्नी के पास 36 हजार रुपये हैं। दोनों के बैंक खातों में 24,429 रुपये जमा हैं। इसके अलावा 6.96 लाख रुपये की स्कॉर्पिओ गाड़ी व पचास हजार रुपये मूल्य का एक ट्रैक्टर है। सीताराम के पास 1.40 लाख रुपये मूल्य का 40 ग्राम सोना व 500 ग्राम चांदी है, जबकि पत्नी के पास 70 ग्राम सोना व 2.30 किलोग्राम चांदी है, जिसकी कीमत 3.12 लाख रुपये है। इसके अलावा सीताराम व उनकी पत्नी के पास 2.39 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति है, जिसमें कृषि भूमि, दो आवासीय भूखंड, दो व्यावसायिक भवन और एक आवासीय भवन शामिल हैं। सीताराम पर चालीस हजार रुपये का ट्रैक्टर ऋण है।
प्रागीलाल की संपत्ति में भी इजाफा
बसपा प्रत्याशी प्रागीलाल अहिरवार ने 2012 के चुनाव में अपनी संपत्ति सरसठ लाख इक्यावन हजार तीन सौ सत्तर रुपये बताई थी। इस बार नामांकन पत्र के साथ दिए हलफनामे में उन्होंने अपनी संपत्ति एक करोड़ तिरेपन लाख पच्चीस हजार रुपये दर्शाई है। उनके पास नकद दो लाख तथा उनकी पत्नी के पास डेढ़ लाख रुपये हैं। दोनों के बैंक खातों में 2,16,890 रुपये जमा हैं। पत्नी के पास एक चार पहिया वाहन तथा पौने तीन लाख रुपये मूल्य का 80 ग्राम सोना व 500 ग्राम चांदी है। इसके अलावा 41 लाख रुपये मूल्य की प्रागीलाल के पास चार एकड़ व पत्नी के पास आठ एकड़ कृषि भूमि है। पत्नी के नाम 93 लाख रुपये कीमत का आवासीय भवन है। किसान क्रेडिट कार्ड का प्रागीलाल पर 1,73,253 रुपये व पत्नी पर 4,08,063 रुपये का कर्ज है।
प्रागीलाल पर एक मुकदमा
मऊरानीपुर से बसपा प्रत्याशी प्रागीलाल पर एक मुकदमा भी दर्ज है। उन पर यह मुकदमा मऊरानीपुर थाने में 24 जुलाई 2003 को दर्ज किया गया था, जिसमें प्रागीलाल पर धारा 332, 353, 504 व 506 लगाई गईं थीं। नामांकन पत्र के साथ दिए हलफनामे में उन्होंने इसका उल्लेख किया।
जुलूस के साथ पर्चा भरने पहुंचे सीताराम
बुधवार की सुबह बसपा प्रत्याशी सीताराम कुशवाहा के चुनाव कार्यालय का गल्ला मंडी रोड स्थित अजय इनक्लेव कालोनी में शुभारंभ बुंदेलखंड प्रभारी लालाराम अहिरवार ने किया। इसके बाद बसपा नेत्री अनुराधा शर्मा, मुख्य जोन कोआर्डिनेटर भूपेंद्र आर्या व बुंदेलखंड प्रभारी के संयुक्त नेतृत्व में नामांकन जुलूस निकला, जो विभिन्न मार्गों से होता हुआ कचहरी चौराहा पहुंचा। यहां प्रत्याशी सीताराम कुशवाहा समेत बसपा के अन्य नेताओं ने डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान नारेबाजी भी हुई।
इस मौके पर जोनल कोआर्डिनेटर चंद्रदत्त गौतम, जिलाध्यक्ष मुन्ना पाली, उत्कर्ष साहू, अमित राय, कालीचरण कुशवाहा, रमेश चंद्र सरसैया, नूर अहमद मंसूरी, उस्मान खान, संतोष कुशवाहा, अमित राय, संतोष राज, रवि मौर्या आदि उपस्थित रहे। नामांकन के बाद सभी चुनाव कार्यालय वापस आए। यहां लालाराम अहिरवार, भूपेंद्र आर्य, सीताराम कुशवाहा ने पांचवीं बार मायावती को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। आभार चंद्रभान आदिम ने जताया।