झांसी/मऊरानीपुर। मऊरानीपुर कोतवाली इलाके में रघुनाथ वाटिका के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर से बाइक टकरा जाने से मौके पर ही बाइक सवार भाई-बहन की मौत हो गई। जबकि दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया। चार लोग एक ही बाइक पर बैठे थे। हादसा चालक द्वारा अचानक ट्रैक्टर मोड़ने से हुआ।
मऊरानीपुर कोतवाली के परवारीपुरा निवासी मनोज (28) पुत्र घनश्याम टीकमगढ़ रोड खदियान मंदिर के पास अपने खेत पर गए थे। दोपहर करीब तीन बजे वह अपनी चचेरी बहन पूजा (18), भाई रोहित (21) एवं दशरथ (8) को एक मोटर साइकिल पर बिठाकर वापस घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही वह रघुनाथ वाटिका के पास पहुंचे तभी सामने से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने बिना संकेत दिए ट्रैक्टर मोड़ दिया। ट्रैक्टर की गति तेज होेने से चालक उस पर अपना नियंत्रण नहीं रख सका। अचानक ट्रैक्टर के सामने आने से मोटरसाइकिल उससे टकरा गई। टक्कर होने से मोटरसाइकिल सवार चारों सड़क पर गिर गए। मनोज एवं पूजा के सिर एवं हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। सभी घायल खून से लथपथ हालत में वहीं पड़े रहे। सूचना पर कुछ देर बाद पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां मनोज और पूजा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि रोहित एवं दशरथ की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दोनों घायलों को मेडिकल में भर्ती करा दिया गया, जहां उनकी हालत नाजुक है। उधर, दुर्घटना की खबर जैसे ही उनके परिजनों तक पहुंची घर में कोहराम मच गया।