झांसी। दुल्हन को अपने संग कार में लेकर जा रहे दूल्हे का ही कोतवाली पुलिस ने चालान कर दिया। पुलिस ने उससे पांच सौ रुपये भी वसूल लिए। चालान कटने से पहले दूल्हे ने पुलिस को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन कोतवाली पुलिस इस नवविवाहित जोड़े के सामने नहीं पसीजी और चालान की रकम वसूलने के बाद ही उनको जाने दिया।
बड़ागांव गेट बाहर निवासी युवक का शनिवार को विवाह हुआ था। बारात लौटने के बाद रविवार को मंदिर में छापे लगाने की धार्मिक क्रिया पूरी की जानी थी। लॉकडॉउन के चलते दूल्हा अपनी कार में दुल्हन, अपनी बहन एवं एक छोटे बच्चे को लेकर खुद कार चलाते हुए लक्ष्मी गेट बाहर स्थित काली जी के मंदिर के लिए निकला। जैसे ही वह मालिन का चौराहा पहुंचा, वहां कोतवाली पुलिस ने उसे रोक लिया। पुलिस ने दूल्हे से पूछताछ शुरू कर दी। दूल्हे ने छापे लगाने के लिए मंदिर जाने की बात बताई, लेकिन पुलिस लॉकडॉउन का हवाला देते हुए उसे बाहर न निकलने की हिदायत देने लगी। पुलिस का कहना था कार में तयशुदा से अधिक लोग बैठे हैं। दूल्हे ने पुलिस को काफी देर तक समझाने की कोशिश की लेकिन, पुलिसकर्मी किसी कीमत पर मानने को राजी नहीं हो रहे थे। आखिरकार पुलिस ने उसे पांच सौ रुपये का चालान काटकर थमा दिया। वहीं, कोतवाली इंस्पेक्टर देवेश शुक्ला का कहना है बिना इजाजत निकलने की मनाही है। कार में तयशुदा संख्या से अधिक लोग सवार थे।
फर्राटा भरते रहे वाहन, नहीं दिखी पुलिस
पुलिस की लापरवाही से बेअसर हुआ कोरोना कर्फ्यू
झांसी। पुलिस की सख्ती न होने से बेवजह घूमने वालों पर कोई नकेल नहीं है। कोरोना कर्फ्यू के बावजूद तमाम इलाकों में रविवार को पूरे दिन वाहनों की आवाजाही बनी रही। कोतवाली, सीपरी बाजार, सदर बाजार समेत कई महत्वपूर्ण इलाकों में भीड़ नजर आई। खाली सड़क का लुफ्त उठाने के लिए तमाम युवा अपने वाहन दौड़ाते नजर आए। सीपरी बाजार के भी कई इलाकों में चहल-पहल दिखी। सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए लोग खड़े रहे। यहां कहीं भी पुलिसकर्मी दिखाई नहीं पड़े। कोतवाली इलाके में सुभाषगंज, बड़ाबाजार, नरिया बाजार में भीड़ दिखाई पड़ी। सदर बाजार इलाके में भी लोगों में कर्फ्यू का असर नहीं दिखा। लोग सड़कों पर बेवजह घूमते रहे।