अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बेसिक शिक्षा विभाग के कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों को अभी पुस्तकों के लिए कम से कम एक हफ्ते का और इंतजार करना होगा। अभी बेसिक शिक्षा विभाग को इन कक्षाओं की किताबें प्राप्त नहीं हो सकी हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग के 1452 विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थी पढ़ते हैं। पिछले सत्र में 1.30 लाख विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था। नए सत्र के लिए प्रवेश बढ़ाने के लिए स्कूल चलो अभियान भी शुरू हो चुका है, जो कि 15 अप्रैल तक चलेगा। शासन से बेसिक के लगभग डेढ़ लाख विद्यार्थियों के मद्देनजर कक्षा चार से आठवीं तक की किताबों का प्रकाशन कराकर बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भेजा जा चुका है। बेसिक शिक्षा विभाग ने निविदा करवाकर इन्हें ब्लॉकों में पहुंचाने का काम शुरू कर दिया है। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा ब्लॉक स्तर से स्कूलों तक पुस्तकें पहुंचाने के लिए भी निविदा निकाली गई है। हालांकि, अभी कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों की किताबें विभाग को नहीं मिली हैं। बीएसए विपुल शिव सागर का कहना है कि एक सप्ताह में इन कक्षाओं की किताबें प्राप्त हो जाएंगी। बाकी, कक्षाओं की पुस्तकें स्कूलों में पहुंचाई जा रही हैं।